छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों पर बड़ा हमला किया है। राज्य के नक्सल प्रभावित पुसवाड़ा जिले में गुरुवार सुबह नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया। इस हमले में सीआरपीएफ 206 कोबरा बटालियन का एक जवान शहीद हो गया वहीं एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
शहीद जवान राजेश कुमार बिंद यूपी के जौनपुर जिले मीरगंज निवासी थे। उनकी शहीद होने की सूचना मिलते ही घर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। मछलीशहर तहसील क्षेत्र के करियांव गांव निवासी राजेश बिंद सीआरपीएफ में सुकमा में एसआई पद पर तैनात थे। वह 206 कोबरा बटालियन के जवान थे। शहीद का पार्थिव शरीर देर रात गांव पहुंचने की संभावना है।
राजेश कुमार बिंद 2006 मे सीआरपीएफ में कांस्टेबल पद पर भर्ती हुए थे। विभागीय परीक्षा पास कर 2012 में वे एसआई बन गए। मौजूदा समय में वह सुकमा जिले में तैनात थे। गुरुवार की सुबह वह नक्सली हमले में घायल हो गए और इलाज के दौरान मौत हो गई।
इससे पहले रविवार को दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों के हमले में सात जवान शहीद हो गए थे। इसमें दो जवान क्रमशः गाजीपुर और वाराणसी के रहने वाले थे। वहीं, 13 मार्च को नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के सुकमा में सर्च ऑपरेशन में जुटे सीआरपीएफ के जवानों पर घात लगाकर आईईडी हमला किया था जिसमें नौ जवान शहीद हो गए थे।