अस्सी घाट पर निरीक्षण करते मेयर अशोक कुमार तिवारी
- फोटो : अमर उजाला
डाला छठ पर गंगा घाटों, कुंडों, तालाबों और जलाशयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की नौ टीमें विभिन्न घाटों, कुंडों और तालाबों पर तैनात रहेंगी।
इन टीमों को आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों, वाटर एंबुलेंस, मोटर बोट और प्रशिक्षित गोताखोरों से लैस किया गया है। वहीं, शहर के आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर अग्निशमन कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस ड्रोन कैमरे और सीसी कैमरे से भी निगरानी करेगी। कंट्रोल रूम से भी भीड़ पर नजर रखी जाएगी।
11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने बताया कि वाराणसी के गंगा घाटों के अलावा बरेका स्थित सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा पर भी बचाव दल तैनात किए जाएंगे। नौ टीमों में हर टीम में 30 बचावकर्मी शामिल होंगे। जरूरत पड़ने पर टीमों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
टीमों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें रेस्क्यू मोटर बोट, वाटर एंबुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य जीवनरक्षक उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा प्रशिक्षित गोताखोरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भी तैनाती रहेगी।