मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से श्रद्धालु काशी में छठ मनाने आए
घाटों पर श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन के साथ पूजा समितियां भी तैयारियों में जुटी हैं। भोजपुरी समाज काशी के अध्यक्ष सोमनाथ ओझा और सचिव अशोक पांडेय ने बताया कि विश्वसुंदरी पुल से रविदास घाट तक करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में कच्चे घाट तैयार किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बोरियों में बालू भरकर घाटों पर व्यवस्था बनाई जा रही है। सभी घाटों पर समिति के सदस्य स्वयंसेवक के रूप में तैनात रहेंगे।
देव दीपावली से जुड़ी कुछ समितियां भी नमो घाट से अस्सी घाट तक व्यवस्थाएं संभालने में सहयोग करेंगी। अशोक पांडेय ने बताया कि बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों से श्रद्धालु काशी में छठ मनाने आएंगे। इनमें कुछ अपने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां ठहरेंगे, जबकि कुछ ने आश्रमों में कमरे बुक कराए हैं।