छठ पूजन के पूर्व सूप और दउरा की खरीदारी करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
पहड़िया मंडी पहुंचा 400 ट्रक फल, आज और कल से बाजार में फुटकर बिक्री पकड़ेगी रफ्तार
छठ पूजा को लेकर फलों का बाजार गुलजार है। पूर्वांचल समेत बिहार तक के बाजार को समेटे पहड़िया मंडी से फलों की मांग चार गुना बढ़ गई है। लगभग 400 ट्रकों से फलों की खेप पहड़िया मंडी पहुंची है। इसमें सेब, संतरा, अनार, नारियल के अलावा अनन्नास शामिल हैं।
दीपावली के बाद से ही छठ पूजा का बाजार सज चुका है। दउरा, सूप और फलों के अस्थायी बाजार जगह-जगह लग चुके हैं। फल के साथ ही नए अनाज की भी मांग बाजार में है। सबसे अधिक फलों की खरीदारी हो रही है। थोक में कारोबारी माल उठा रहे हैं।
मंगलवार और बुधवार को फुटकर खरीदारी सबसे अधिक होगी। वाराणसी प्रगतिशील फल-सब्जी व्यवसायी समिति के अध्यक्ष किशन सोनकर ने बताया कि 300 गाड़ी फल की खेप पहुंच चुकी है। मंगलवार तक 100 गाड़ी और फल की खेप पहुंच जाएगी। इस बार चार गुना फलों की मांग है। इस समय 100 ट्रक से अधिक सेब, केला 80 ट्रक, संतरा 100 ट्रक, नारियल 20 ट्रक और अनार 70 ट्रक मंगाया गया है।
गन्ने और अन्य फलों की आवक भी सोमवार को पहड़िया मंडी में हुई। कर्नाटक से नारियल, बहराइच व लखीमपुर से केला, सिलीगुड़ी से अनन्नास, नागपुर से संतरा, महाराष्ट्र से अनार की खेप मंडियों में पहुंच चुकी है।