फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chhath: छठ पूजा...शाम के अर्घ्य के लिए 48 मिनट और सुबह के लिए 57 मिनट का मुहूर्त; घाटों पर जुटे आस्थावान

Mon, 27 Oct 2025 04:23 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: लोक आस्था के महापर्व पर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य सोमवार को अर्पित किया जाएगा। सोमवार को दोपहर के बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
विज्ञापन
सड़क से दंडवत करते हुए पूजा स्थल पर जाती व्रती महिला। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए 48 मिनट का और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए 57 मिनट का शुभ मुहूर्त मिल रहा है। काशी के पंचांग के अनुसार अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने का सबसे उत्तम समय 5:10 बजे से शाम 5:58 बजे तक रहेगा। वहीं, मंगलवार 28 अक्तूबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने का सर्वोत्तम समय 5:33 बजे से सुबह 6:30 बजे तक रहेगा। 

विज्ञापन


 काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व सदस्य पं. दीपक मालवीय ने बताया कि छठ पूजा में संध्या अर्घ्य छठ पूजा का मुख्य दिन होता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को सूर्यास्त के समय बांस की टोकरी में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना, चावल के लड्डू सजाकर व्रती नदी या तालाब के किनारे कमर तक पानी में खड़े होकर दूध और जल मिलाकर सूर्य को अर्घ्य दें। सूप में सजाई गई सामग्री को सूर्य देव को अर्पित करें और छठी मैया के लोकगीत या मंत्रों का जाप करें। 

भगवान सूर्य के मंत्रों का जाप करें। सूर्य को अर्घ्य देने का सबसे प्रचलित मंत्र ऊं घृणि सूर्याय नमः अर्घ्य देते समय लगातार दोहराना चाहिए। संध्या का अर्घ्य देने से व्यक्ति को स्वास्थ्य और समृद्धि की प्राप्ति होती है और इसके साथ ही पापों का नाश होता है। 

विज्ञापन
Trending Videos

पूजन करती व्रती महिला। - फोटो : संवाद
खाया खरना का प्रसाद, 36 घंटे का निर्जला व्रत आस्था के साथ शुरू
भगवान सूर्य की उपासना के महापर्व के दूसरे दिन व्रती महिलाओं ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू कर दिया। गंगा घाट, कुंड और आसपास के कुओं व तालाबों से जल लाकर छठ व्रतियों ने खरना का प्रसाद बनाया। पूजा-अर्चना के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया और वेदियों पर दीप जलाए। 

रविवार की शाम चार बजे से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। महिलाओं ने परंपरागत विधि-विधान से वेदी सजाकर खरना पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद सायंकाल व्रती महिलाओं ने गुड़ की खीर और गेहूं की रोटी (सोहारी) का प्रसाद तैयार किया। इसे सूर्यदेव और छठी मैया को अर्पित करने के बाद व्रतियों ने स्वयं ग्रहण किया। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का शुभारंभ हुआ। 

सारनाथ के तिलमापुर में अर्ध्य देती व्रती महिलाएं।

घर में पूजन करतीं महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला
चार दिवसीय छठ महापर्व में खरना का विशेष महत्व बताया गया है। यह दिन आत्मसंयम, भक्ति और आत्मशुद्धि का प्रतीक माना जाता है। खरना के बाद अगले दो दिन व्रती महिलाएं क्रमशः शाम और सुबह अर्घ्य देकर सूर्यदेव की उपासना करेंगी। 

मान्यता है कि गुड़ की खीर मिठास और संतोष का प्रतीक है, जबकि सोहारी रोटी श्रम और साधना की प्रतीक मानी जाती है। प्रसाद मिट्टी, पीतल या कांसे के बर्तनों में तैयार किया गया ताकि उसकी सात्विकता और पवित्रता बनी रहे। घाटों पर गूंजते छठ गीतों और दीपों की रोशनी ने माहौल को पूरी तरह छठमय बना दिया। सोमवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित करेंगी और मंगलवार 28 अक्तूबर को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ व्रत संपन्न होगा। 

चौबेपुर क्षेत्र के मार्कंडेय महादेव घाट, गौरीशंकर महादेव घाट, मां नेपाली भगवती धाम घाट और धौरहरा गोमती घाट, मौनी बाबा आश्रम गौरा घाट पर शाम 4 बजे से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने परंपरागत विधि-विधान से वेदी सजाकर खरना पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
विज्ञापन

आज अर्पित होगा प्रथम अर्घ्य
उत्तरवाहिनी गंगा के तट, कुंड, तालाब और सरोवरों पर श्रद्धालु अपनी अंजुरी से पर्व का पहला अर्घ्य अस्ताचलगामी सूर्य की प्रतिष्ठा में समर्पित करेंगे। उदीयमान सूर्य यदि तिमिर के विजेता के रूप में पूजित हैं तो वहीं अस्ताचलगामी सूर्य हर रात के बाद की नई अरुणिमा, नए सूरज की नूतन आशाओं के संदेशवाहक के रूप में अर्चनीय हैं।

30 तरह के फल, 40 पूजन सामग्री से होगी पूजा
कार्तिक मास शुक्ल पक्ष चार दिवसीय सूर्य षष्ठी का महापर्व डाला छठ शुरू हो चुका है। खरना के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत शुरू हो गया। सोमवार और मंगलवार को महिलाएं 30 तरह के फल, पांच तरह की सब्जियां और पांच अन्न के साथ ही 40 पूजन सामग्रियों से पूजा करेंगी। इसमें विभिन्न तरह के फलों, जंगली पौधों के फलों, नए अन्न और सब्जियों से पूजा होती है। पूजन सामग्री के विक्रेता नंदलाल गुप्ता ने बताया कि अन्य व्रत में सबसे ज्यादा डाला छठ की पूजा में सामग्री लगती है। 

ये हैं पूजन के नैवेद्य: डाला छठ में साठी का चावल, सोपाड़ी, गुड़, नया चावल, महावर, तिल्ली का तेल, धूप, दीया, सिंदूर, सोपाड़ी, पान का पत्ता, लौंग, इलाइची, नारियल, गुड़, बत्ती, नया कपड़ा आदि शामिल हैं। इसके अलावा बांस की टोकरियां, सूप, दउरा, डलिया, पीतल का सूप, लोटा-थाली, कोसी, परई आदि का इस्तेमाल होता है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें