वाराणसी। खाद और बीज के कालाबाजारी के खिलाफ सोमवार को जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान 44 दुकानों की जांच की गई। तीन दुकानों के बंद मिलने पर लाइसेंस निलंबित किया गया। जबकि तीन दुकानों का रेटबोर्ड सही ढंग से न होने पर नोटिस जारी किया गया।
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने, खाद बीज की कालाबाजारी रोकने और मानक अनुरूप खाद बीज की गुणवत्ता बनाए रखने, बिकी केंद्रों भंडारण की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं की जांच की गई। जांच के दौरान मेसर्स अजय उर्वरक केंद्र धरसौना, मेसर्स राज एग्रीक्लिनिक एंड एग्रीबिजनेस सेंटर बढ़ैनी खुर्द और मेसर्स पटेल एग्रीक्लिनिक एंड एग्रीबिजनेस सेंटर भीटी की दुकान बंद मिली। तीनों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। वहीं, मेसर्स जैविक खेती बीज घर दामोदरपुर, मेसर्स पहलवान खाद भंडार-घरसौना, मेसर्स एग्रीक्लिनिक एंड एग्रीबिजनेस सेंटर बड़ागांव सब्जी मंडी एवं पारस बीज भंडार बड़ागांव के दुकानों पर रेटबोर्ड और उर्वरकों के रखरखाव सही ढंग से न होने पर नोटिस जारी किया गया।