वाराणसी के चौकाघाट दोहरे हत्याकांड के आरोपी विवेक सिंह कट्टा को छह दिन के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड में देने का अदालत ने आदेश दिया है। विवेक की पुलिस कस्टडी रिमांड की अवधि गुरुवार की सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
बीते 28 अगस्त को चौकाघाट में कैंट थाने के हिस्ट्रीशीटर अभिषेक सिंह प्रिंस सहित दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके साथ ही प्रिंस के एक साथी की हत्या का प्रयास किया गया था। मामले में हनी गैंग के सदस्य जौनपुर जिले के जलालपुर थाना के लोहगाजर निवासी विवेक का नाम प्रकाश में आया था।
पुलिस के बढ़ते दबाव को देख कर विवेक ने बीते 11 सितंबर को जौनपुर की अदालत में समर्पण कर दिया था। वाराणसी पुलिस उसे जौनपुर जेल से लाकर 18 सितंबर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश की थी। जैतपुरा इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एसपी यादव की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर विवेक सिंह कट्टा को पुलिस कस्टडी रिमांड में देने का अनुरोध किया था।