देर रात नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने गंगा घाटों का किया निरीक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने छठ पूजा से पहले शुक्रवार देर रात अस्सी समेत अन्य घाटों का निरीक्षण किया। सुरक्षा, सफाई, शौचालय, पानी, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था के निर्देश दिए। कहा एलईडी लाइट, हाईमास्ट और झालरों से रोशनी की व्यवस्था की जाए। घाटों पर स्वच्छता अभियान विशेष रूप से चले। सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न हो। कूड़े-कचरे को नियंत्रित करने के लिए घाटों पर डस्टबिन रखने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। जल पुलिस और गोताखोरों की तैनाती करें। निरीक्षण में मंडलायुक्त एस राजलिंगम, पूर्वांचल विद्युत वितरण के एमडी शंभू कुमार, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा आदि मौजूद रहे।
अस्सी घाट पर पत्रकारों से नगर विकास मंत्री ने कहा कि पीएम ने फावड़ा चलाकर अस्सी घाट से स्वच्छता का संदेश दिया था। इस बार मां गंगा का जलस्तर कई बार उतार चढ़ाव पर रहा। छठ को ध्यान में रखकर इस घाट को तैयार किया जाएगा।