वाराणसी। बाबतपुर एयरपोर्ट पर ठंड की शुरुआत से ही लगातार विमानों का संचालन प्रभावित है। शुक्रवार को साल के दूसरे दिन सुबह से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। घने कोहरे के कारण एयरपोर्ट पर 8 उड़ानों को रद्द कर दिया गया, जबकि 42 उड़ानें देर से पहुंचीं।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को खराब मौसम के कारण आठ उड़ानें रद्द रहीं। सभी उड़ानें इंडिगो की थीं। इनमें हैदराबाद-वाराणसी-हैदराबाद, चेन्नई-वाराणसी-चेन्नई, बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू और मुंबई-वाराणसी-मुंबई की उड़ानें शामिल हैं।
वहीं 42 देर से पहुंचने वाली उड़ानों में इंडिगो की 9, अकासा एयर की 1, एयर इंडिया की 3, स्पाइस जेट की 4, एयर इंडिया एक्सप्रेस की 3 और बुद्धा एयर की 1 उड़ान शामिल थी। शुक्रवार को सबसे देर से पहुंचने वाली उड़ानों में बुद्धा एयर की काठमांडू-वाराणसी-काठमांडू 4 घंटे 27 मिनट, अकासा एयर की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 3 घंटे 22 मिनट, इंडिगो की भुवनेश्वर-वाराणसी-भुवनेश्वर 2 घंटे 6 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 2 घंटे 10 मिनट और स्पाइस जेट की हैदराबाद-वाराणसी-हैदराबाद 2 घंटे 30 मिनट देर रहीं।