शहर भर में जश्न मनाया जा रहा है। लग रहा है जैसे दिवाली हो। भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में इतिहास रच दिया है। चांद पर भेजा गया भारत का तीसरा मिशन कामयाब हो गया है। चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग कर दी है।
बीएचयू कुलपति प्रो. एसके जैन
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू के कुलपति प्रो. सुधीर जैन ने कहा कि चंद्रयान-3 का चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग करना एक ऐसी बेमिसाल घड़ी है। हर एक भारतवासी गौरव से अभिभूत है। अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की श्रेष्ठता को एक बार फिर साबित हुई है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस गौरवशाली पल के साक्षी बने हैं। विद्यार्थी जीवन में इस दृश्य को देखना विद्यार्थियों के लिए परिवर्तनकारी उत्साहवर्धन है। विश्वविद्यालय परिवार देश व इसरो की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर गौरवान्वित है तथा सभी देशवासियों के साथ अपार हर्ष व रोमांच का अनुभव कर रहा है।
कमिश्नरी सभागार में चन्द्रयान-3 लैंडिंग का लाइव प्रसारण
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए इसरो को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह गौरव का पल है। इस पल का कई दिनों से इंतजार था। आज का दिन कभी नहीं भूला जा सकता। सभी को शुभकामनाएं। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने भी खुशी जताई। इसरो और देशवासियों को इसके लिए बधाई दी। उन्होंने चन्द्रयान-3 लैंडिंग का लाइव प्रसारण कमिश्नरी सभागार में स्कूली बच्चों के साथ देखा।
काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में लाइव प्रसारण
- फोटो : अमर उजाला
चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के उतरने का लाइव प्रसारण काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में देखा गया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिपू गिरी, एसडीएम सदर जयदेव सीएस, मुख्य महाप्रबंधक डॉ० डी वासुदेवन समेत वाराणसी स्मार्ट सिटी के कर्मचारी एवं अधिकारिगण उपस्थित रहे। नगर आयुक्त शिपू गिरी ने इसरो तथा समस्त काशीवासियों को भी शुभकामना देते हुए कहा कि यह क्षण भारत देश के लिए गर्व का है।