मुगलसराय थाना क्षेत्र के जलीलपुर गांव स्थित घंटावीर बाबा मंदिर के पास शनिवार भोर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से स्कूटी टकराने से मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों पड़ाव चौराहे से मुगलसराय की तरफ जा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान उस्मान (32) पुत्र इस्लाम निवासी दुल्हीपुर, मुगलसराय और उनके मामा जुबैर (47) निवासी रायबरेली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब चार बजे पुलिस की पीआरबी टीम को जलीलपुर गांव के पास सड़क हादसे की सूचना मिली। पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे तो वहां सड़क किनारे बिजली के सजावटी खंभे लगाने के काम में लगा एक ट्रैक्टर खड़ा मिला। इसी दौरान पड़ाव की तरफ से आ रही स्कूटी पीछे से ट्रैक्टर में जा भिड़ी थी।