स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदेश में बेहतर सुविधा देने वाले अस्पतालों का मूल्यांकन करने के बाद परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। स्टेट रिव्यू मिशन में वाराणसी मंडल में चंदौली को पहला स्थान मिला है जबकि वाराणसी पांचवें स्थान पर है। अस्पतालों की श्रेणी में रामनगर का लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल को छठा स्थान मिला है।
शासन स्तर से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने वाले जिले के साथ ही अस्पतालों का समय-समय पर मूल्यांकन कराया जाता है। इसमें 21 से 23 फरवरी 2026 के बीच मिर्जापुर मंडल के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के दलों की ओर से वाराणसी मंडल के चारों जिलों के अस्पतालों का निरीक्षण कर यहां सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया था। अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि चंदौली में 328 इकाइयों, गाजीपुर में 629 और जौनपुर में 768 और वाराणसी में 406 चिकित्सा इकाइयों के निरीक्षण के बाद मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की गई है। इसमें वाराणसी मंडल के तीन जनपद राज्य की रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दस जनपदों के अन्दर चयन होने में सफल रहे। इसमें चंदौली को प्रदेश में प्रथम, वाराणसी पांचवें और जौनपुर दसवें स्थान पर हैं। अपर निदेशक ने सभी जिलों के सीएमओ को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार बनाए रखने के लिए प्रयास करते रहने की बात कही है।