आसमान से कड़की बिजली। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
चंदौली जिले के बडऊर गांव में शुक्रवार को दोपहर में खेत में काम करते समय किसानों पर बिजली गिर पड़ी। इससे एक किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप झुलस गया। झुलसे व्यक्ति को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृत किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निवासी छांगुर बियार (35) पुत्र नारायण और मुंशी बियार (45) पुत्र पुनवासी खेत में धान की बोआई करने गए थे। दोपहर 12 बजे बारिश के बीच तेज चमक के साथ बिजली गिरी। दोनों बिजली की चपेट में आ गए और झुलस गए।
यह देख खेत में काम कर रहे अन्य किसानों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने छांगुर को मृत घोषित कर दिया। मुंशी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।