पीडीडीयू नगर चंदौली नगर के मानस नगर की स्वाति ने मिसेज इंडिया का खिताब जीतकर अपने सौंदर्य और बुद्धिमत्ता का परचम फहराया है। दुबई में आयोजित मिसेज माइल्स स्टोन इंडिया इंटरनेशनल में स्वाति ने 33 प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए ताज अपने नाम कर लिया। स्वाति की उपलब्धि से माता-पिता ही नहीं, पूरा जिला गौरवान्वित है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के मानस नगर मोहल्ला निवासी अनिल कुमार और माया सिंह की बेटी स्वाति ने स्नातक तक की शिक्षा पीडीडीयू नगर में हासिल की। इसके बाद उसने कानपुर में एयर होस्टेस का कोर्स किया। तीन बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर की स्वाति की शादी दो वर्ष पहले दिल्ली में साफ्टवेयर इंजीनियर मोहित दीक्षित से हुई थी।
निजी कंपनी में काम करते हुए स्वाति ने मिसेज माइल्स स्टोन इंडिया इंटरनेशनल 2019 के लिए आवेदन किया। प्रारंभिक बाधाएं पार करने के बाद फाइनल राउंड के लिए देश भर की कुल 34 महिलाओं का चयन हुआ। 12 जनवरी को दुबई में आयोजित फाइनल राउंड में स्वाति ने बाजी मारते हुए मिसेज माइल्स स्टोन इंडिया इंटरनेशनल का खिताब जीत लिया।
तनिष्का वासवानी रनर अप रहीं। सेकेंड रनरअप दर्शना बाल्यान और सुप्रिया सिंह थर्ड रनर अप रहीं। मुख्य अतिथि मिस ग्लोबल वर्ल्ड क्लासिक हांगकांग लायला दियास ने स्वाति के सिर पर ताज पहनाया। बेटी की जीत पर माता-पिता ने पड़ोस में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।