केंद्रीय सूचना आयुक्त प्रो. एम. श्रीधर आचार्युलू
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय सूचना आयुक्त प्रो. एम. श्रीधर आचार्युलू ने शुक्रवार को बलिया में कहा कि सूचना के अधिकार का इस्तेमाल लोगों की जरूरत बनती जा रही है। इसका जितना इस्तेमाल होगा, उतनी ही पारदर्शिता आएगी। सूचना का अधिकार आम आदमी के लिए बड़ा अस्त्र है। आने वाले दिनों में इसकी ताकत और बढ़ेगी।
एक विद्यालय के वार्षिकोत्सव में भाग लेने आए केंद्रीय सूचना आयुक्त ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि आरटीआई इस्तेमाल करने वालों की संख्या बढ़ रही है। निर्धारित अवधि के भीतर सूचना देना विभागों की जिम्मेदारी होती है। इसका पालन नहीं करने वालों को दंडित किए जाने का भी प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि मीडिया का महत्व बढ़ गया है। समाज में मीडिया के प्रभाव के चलते सोशल मीडिया भी खबरों को लोगों तक पहुंचाने में पीछे नहीं है। ऐसे में मीडिया की विश्वसनीयता भी खतरे में पड़ने लगी है। हम जब तक एकता नहीं दिखाएंगे, तब तक मीडिया पर हमलों को रोका जाना संभव नहीं होगा।
मीडिया पर हमलों के लिए हमारे बीच के भी कुछ लोग जिम्मेदार हैं। सूचनाओं के आदान-प्रदान में भले ही सोशल मीडिया का अहम योगदान है। लेकिन इस तरह की खबरों पर कोई मंथन नहीं होता है।