वाराणसी। सूबे के खादी ग्रामोद्योग मंत्री नारद राय ने कहा कि सपा सरकार पूरे प्रदेश खासकर पूर्वांचल में कुटीर उद्योग लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है लेकिन केंद्र सरकार का सहयोग नहीं मिल रहा।
एमएसएमई मंत्री कलराज मिश्र ने इस मुद्दे पर बातचीत में पहले तो खूब आश्वासन दिए। बाद में फरमान जारी कर दिया गया कि लोगों को छोटी-छोटी सहायता राशि (4 या 5 लाख रुपये) दी जाए।
इतनी कम धनराशि में कोई व्यक्ति कौन सा उद्योग लगता सकता है? ये बातें उन्होंने रविवार को कैंट रेलवे स्टेशन के गेस्ट हाउस में बातचीत में कहीं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी बड़ी-बड़ी बात करते हैं लेकिन विकास कहीं नजर नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विधायक श्याम देव रायचौधरी से वायदे के अनुसार बनारस को 24 घंटे बिजली दे रहे हैं। वहीं, भाजपा के नेता बयानबाजी में जुटे हैं और सपा के विकास कार्यों पर मोदी की योजना बता रहे हैं।
उन्होनें कहा कि पिछले दिनों नितिन गडकरी ने हजारों करोड़ रुपए के बजट से सड़कों को बेहतर बनाने का दावा किया था लेकिन आज तक पचास हजार रुपये भी उन्होंने नहीं दिए।
नारद राय ने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक आपदा कहर बनकर टूटी। कई बार केंद्र से मदद मांगी गई लेकिन केंद्रीय मंत्रियों ने सिर्फ आश्वासन दिया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगर सच में बनारस का विकास करना चाहते तो दिल्ली में ही बैठकर योजनाओं का शिलान्यास कर देते।