समीक्षा बैठक में केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) केजे अल्फोंस और प्रदेश की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी
- फोटो : अमर उजाला
धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी को केंद्र और प्रदेश सरकार पर्यटन हब बनाने जा रही है। यहां की ऐतिहासिक विरासतों को सहेजने के साथ ही उन्हें पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाएगा।
केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) केजे अल्फोंस और प्रदेश की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने सोमवार को सर्किट हाउस में हुई समीक्षा बैठक में काशी को पर्यटन हब बनाने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
गंगा नदी में पहले से प्रस्तावित क्रूज संचालन की योजना को हर हाल में फरवरी 2019 तक शुरू कराने की बात कही। केंद्रीय मंत्री केजे अल्फोंस और प्रदेश सरकार की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने यहां प्रदेश भर में चल रहीं पर्यटन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा की।
विभागीय उच्चाधिकारियों को निर्देश दिया कि वाराणसी के धर्म, संस्कृति को पर्यटन से जोड़ा जाए। इसे प्रदेश के पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि वाराणसी का हर कोना आश्चर्यों से भरा है। इन्हें विश्व पर्यटन मानचित्र पर उभारा जाए। प्रदेश की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने प्रसाद एवं स्वदेश योजना के कार्यों को तत्परता से पूरा कराने की ताकीद की।