आजमगढ़ जेल में निरुद्ध बदमाश एजाज अंसारी उर्फ सोनू के नाम से कॉल कर प्रभु साहनी की हत्या का हवाला देने और आशीर्वाद बनाए रखने की धमकी के मामले में सोमवार को भाजपा के चार और पार्षदों ने मुकदमा दर्ज कराया। यह चारों मुकदमे दशाश्वमेध, जैतपुरा, कोतवाली और भेलूपुर थाने में दर्ज कराए गए हैं। इससे पहले एक पार्षद ने दशाश्वमेध थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
इस बीच, पुलिस की तफ्तीश में यह भी सामने आया है कि एजाज अंसारी का नाम लेकर गाजीपुर जेल में निरुद्ध चोलापुर क्षेत्र के चंदापुर निवासी बदमाश रवींद्र उर्फ राजू ने तीन भाजपा पार्षदों को खुद कॉल किया था और दो पार्षदों के पास अपने आदमी भेजकर मोबाइल से बात की थी।
मामला स्पष्ट होने के बाद क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम ने चोलापुर, जैतपुरा सहित जिले के अन्य स्थानों पर छापामारी की। पुलिस रवींद्र के तीन करीबियों से पूछताछ कर रही है। इससे पहले पुलिस की एक टीम जिला जेल जाकर निरुद्ध बदमाशों से पूछताछ की।
साथ ही, रवींद्र और एजाज के बीच के कनेक्शन को भी खंगाला जा रहा है। आजमगढ़ जेल में निरुद्ध नक्खीघाट निवासी बदमाश एजाज के नाम पर भाजपा के तीन पार्षदों को 30 मई से दो जून के बीच फोन किया गया।