संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), नई दिल्ली की ओर से रविवार को जिले के 19 केंद्रों पर कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस) और नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। सीडीएस की परीक्षा आठ केंद्रों पर तीन पालियों में होगी, जिसमें 3912 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं, एनडीए की परीक्षा 11 केंद्रों पर दो पालियों में कराई जाएगी। इसमें 11417 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दोनों परीक्षाओं में कुल 15329 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की निगरानी के लिए इस बार पहली बार सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसरों की भी तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस के साथ सेना के जवान भी तैनात किए जाएंगे। केंद्रों के आसपास 200 मीटर की दूरी तक लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा।