वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को रोहनिया स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा या अन्य महिला उत्पीड़न के मामलों में तत्काल कार्रवाई के साथ प्रत्येक सप्ताह संबंधित महिला से संपर्क किया जाए और फीडबैक के आधार पर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी स्कूल, कालेज, कोचिंग संस्थान और हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरे और शिकायत पेटिका लगाने का निर्देश दिया। मिशन शक्ति केंद्र पर नियुक्त कर्मचारी एंटीरोमियों स्क्वाड के रूप में कार्य करते हुए स्कूल और कोचिंग के बाहर खड़े असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करेंगे।
पुलिस आयुक्त ने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का परीक्षण करते हुए कहा कि महिला संबंधी प्रकरणों में संवेदनशील, सहानुभूतिपूर्ण और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। महिला अपराध से संबंधित छोटे प्रकरणों की विवेचना 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा। किसी भी महिला संबंधी प्रकरण में तुरंत गुमशुदगी/एफआईआर दर्ज करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
साथ ही, शिकायत दर्ज करने में देरी, टालमटोल या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई। महिला अपराध और बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में 100% एफआईआर दर्ज कर पीड़िता की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।