CBSE Result 2024: गुरुनानक इंग्लिश स्कूल शिवपुर की छात्रा प्रीति पटेल ने 96.2 फीसदी अंक प्राप्त किया है। रिजल्ट आने के बाद विद्यालयों में जश्न का माहौल हो गया। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने मेधावियों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
सीबीएसई 12वीं में जिले की बेटियों ने प्रतिभा की चमक बिखेरी है। काशी की चार बेटियों ने जिले के साथ-साथ प्रयागराज रीजन में टाॅप-5 में जगह बनाने में सफलता पाई है। जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली डीपीएस की वैभवी सिंह और सीएचएस और डीपीएस की क्रमश: प्रीति कुमारी व माही पांडेय ने रीजन में भी पहले दो स्थान पक्के कर लिए हैं। वैभवी ने 500 में से 497 और प्रीति और माही ने 496-496 अंक अर्जित किया है।
विज्ञापन
493 अंक पाकर सनबीम स्कूल वरुणा की छात्रा पावनी अग्रवाल रीजन में पांचवीं और जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। 12वीं की परीक्षा में बैठे जिले के 200 से अधिक स्कूलों के 21470 छात्र-छात्राओं में से 15329 सफल हुए हैं। जिले के विद्यालयों का औसत परीक्षा परिणाम 71.29 फीसदी रहा। सफल होने वाले परीक्षार्थियों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक रही। ज्यादातर विद्यालयों में टॉप-10 में छात्राओं का दबदबा रहा।
सीएचएस की अंगिका भारती ने 98.4 और लक्ष्मी सिंह ने 98 फीसदी अंक अर्जित किया है। संत अतुलानंद रेजीडेंशियल अकादमी होलापुर शिवपुर की छात्रा मीनाक्षी मिश्रा 98 फीसदी अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम रहीं। जबकि दीक्षा और अपूर्वा सिंह ने 95-95 फीसदी अंक प्राप्त किया।