घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर जिले के गड़ियवा गांव में पशु तस्करों को ग्रामीणों ने घेर लिया। पशु तस्करों ने बमबाजी व फायरिंग शुरू कर दहशत फैला दी। बमबाजी के चपेट में आने से दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। तस्करों ने ग्रामीणों पर पिकअप वाहन भी चढ़ाने का प्रयास किया।
घायलों को पीएचसी पहुंचाया गया। जहां तीन लोगों की हालत गंभीर देख डाक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
छह की संख्या में पिकअप सवार पशु तस्कर करीब आधी रात को प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के शिवगढ़ा गांव में चोरी से भैंस लादने का प्रयास कर रहे थे। उसी दौरान ग्रामीणों उन्हें दौड़ा लिया। तस्कर वहां से फरार हो गए।
आगे आकर मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गड़ियवा गांव में तस्करों ने पप्पू यादव के घर के पास गाड़ी रोका और उनकी भैंस खोलने लगे। तभी तस्करों का पीछा कर रहे बाइक सवार मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। यहां भी ग्रामीणों ने तस्करों को घेर लिया।
खुद को घिरा देख तस्करों ने गाड़ी के अंदर से फायरिंग शुरू कर दी और भीड़ पर बम फेंकने लगे। जवाब में ग्रामीण भी पथराव करने लगे। बम और फायरिंग से दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। लोगों के घायल होते ही ग्रामीण पीछे हो गए और तस्कर फरार हो गए।
सभी घायलों को पीएचसी पहुंचाया गया जहां तीन की हालत गम्भीर देख डाक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सुबह घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।