Varanasi News: लक्सा थाना क्षेत्र के जद्दूमंडी स्थित होटल सनशिव में आग लग गई थी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थी। पांच मंजिला होटल में बीती शाम शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही थी।
वाराणसी के जददूमंडी स्थित होटल सन शिव में सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिली। भूतल के साथ पांच तल वाली बहुमंजिला इमारत में संचालित होटल और रेस्टोरेंट में आग से सुरक्षा के उपाय के नाम पर कुछ यंत्र दिखे। अग्निशमन विभाग ने होटल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
विज्ञापन
फायर एनओसी न होने पर कार्रवाई भी होगी। आगामी 15 दिन में होटल में आग से सुरक्षा के उपाय की व्यवस्था मानक के अनुरूप करने की चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम दोबारा निरीक्षण करेगी। खामियां मिलने पर होटल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि होटल के पास फायर एनओसी नहीं है। इसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूरी बिल्डिंग में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र होने चाहिए थे, लेकिन सिर्फ गिने चुने थे। बिल्डिंग में स्मोक डिटेक्टर और फायर अलार्म नहीं था। सतह को गीला करने के लिए शॉवर और स्प्रिंकलर नहीं थे। आग बुझाने के लिए पंप और पानी का पर्याप्त स्रोत नहीं था। होटल से निकासी के लिए मार्ग मानक के अनुरूप नहीं हैं।
स्मोक डिटेक्टर और फायर अलार्म नहीं थे
बता दें कि पूर्व में श्रीनगर कॉलोनी स्थित हरिविलास होटल में भी इसी तरह की घटना के बाद कार्रवाई की गई थी। पूरा निर्माण तोड़कर नए सिरे से बनाया गया।
होटल के नक्शे की होगी जांच, वीडीए भेजेगा नोटिस
होटल में लगी आग मामले में वीडीए ने जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान नक्शा दाखिल करने का नोटिस भेजेगी। वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्र ने जोनल अधिकारी अतुल प्रजापति से रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों ने बताया कि होटल का नक्शा आवासीय है या व्यवसायिक है। इसकी पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी। नक्शा पास न होने की दिशा में बाद में नक्शा दाखिल करने के दौरान पेनाल्टी भी देनी पड़ेगी।