वीडीए की टीम ने मुआयना किया है कि सब्जी विक्रेता का घर नियमानुसार बना है या नहीं बना है। नगर निगम की टीम ने भी अतिक्रमण सहित अन्य चीजें देखने-समझने के लिए सब्जी विक्रेता के घर का मुआयना किया है। राजस्व विभाग की टीम भी मौका मुआयना करने गई थी।
टमाटर के लिए बाउंसर लगाने का वीडियो रविवार दोपहर बाद वायरल हुआ। नगर निगम व पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि सब कुछ योजनाबद्ध तरीके से किया गया। सपा नेता ने 500 रुपये के टमाटर खरीदवाए, फिर दुकानदार को हटाकर खुद बैठ गए। मामला साफ हुआ तो लंका थाने की पुलिस ने वास्तविक दुकानदार व उसके पिता को हिरासत में ले लिया। सपा नेता की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के मुताबिक सपा नेता योजनाबद्ध तरीके से दुकान पर गए। दुकानदार को पैसे दिए और दूसरी दुकान से टमाटर मंगवाकर बेचने लगे।
हिरासत में लिए गए सब्जी विक्रेता ने सच बता दिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अजय फौजी को भी पकड़ा जाएगा। दूसरी तरफ, मामले को लेकर देर रात तक लंका थाने में हंगामा चलता रहा। जिलाध्यक्ष सहित तमाम सपा नेता थाने पहुंच गए। हालांकि, पुलिस की सख्ती के बाद नेता वापस चले गए। दरसअल, टमाटर बेचने का वीडियो को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ट्वीट किया था। अखिलेश ने लिखा था कि भाजपा टमाटर को जेड प्लस सुरक्षा दे।