भदोही एक्सपो मार्ट जहां इंडिया कारपेट का आयोजन होगा। स्रोतः संवाद
- फोटो : संवाद
भदोही। अमेरिकी टैरिफ से कालीन उद्योग में उठी मंदी की आशंकाओं के बीच बुधवार को अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले की स्टॉल बुकिंग शुरू हो गई। बुधवार को पहले ही दिन एक्सपो मार्ट की 65 फीसदी स्टॉल की बुकिंग हो गई। इसमें भी ग्राउंड फ्लोर की 80 फीसदी दुकानें बुक हो गईं। निर्यातकों में ग्राउंड फ्लोर की दुकानों की खूब मांग रही। इस साल 225-250 स्टॉल बुक किए जाने हैं। ग्राउंड फ्लोर पर 2600 वर्ग मीटर स्टाॅल में से 3000 वर्ग मीटर की बुकिंग पहले ही दिन हो गई।
भदोही में इस वर्ष आगामी 11 अक्तूबर से 14 अक्तूबर के बीच कारपेट एक्स्पो मार्ट में जिले का चौथा और कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) का 49वां अंर्तराष्ट्रीय कालीन मेला लगने जा रहा है। इस साल सीईपीसी मेले में 225-250 दुकानें लगवाने की तैयारी में है। अमेरिकी टैरिफ, वैश्विक मंदी समेत अन्य समस्याओं को देखते हुए इस बार कालीन मेले के आयोजन पर संशय के बादल मंडरा रहे थे। लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर सीईपीसी ने भदोही एक्सपो आयोजन का निर्णय लिया। बुधवार को सुबह 11 बजे बुकिंग शुरू हुई और एक घंटे के अंदर ही ग्राउंड फ्लोर की 80 प्रतिशत बुकिंग पूरी हो गई। अब ग्राउंड फ्लोर की दुकानों में कुछ ही स्पेस बचा है। प्रथम तल की दुकानों में अभी जगह खाली है। वहीं दूसरे तल पर 1250 वर्ग मीटर स्टॉल में से 900 वर्ग मीटर की बुकिंग हो चुकी है।
पिछले साल अक्तूबर में इंडिया कारपेट एक्सपो में कुल 230 कालीन निर्यातकों ने स्टाॅल लगाए थे। इनमें करीब 450 बायर और उनके प्रतिनिधि कालीन मेले में शामिल होने आए थे। इस बार वैश्विक परिदृश्य को देखते हुए सीईपीसी विशेष तैयारी में जुटा है। अमेरिका के अलावा अन्य देशों के बायरों पर अधिक फोकस रखा जा रहा है।
अमेरिका की ओर से भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ थोपने के तत्काल बाद इंडिया कारपेट एक्सपो का आयोजन होने जा रहा है। इससे कहा जा रहा है कि अमेरिकी आयातक कम ही आएंगे। इस पर सीईपीसी चेयरमैन कुलदीप राज वाटल ने कहा कि ब्रिटेन में भारतीय उत्पादों पर टैरिफ शून्य हो जाने से हमारे पास ब्रिटेन और यूरोपीय देशों से अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कहा कि एशिया उपमहाद्वीप का यह सबसे बड़ा कारपेट एक्सपो होता है जिसमें 65 देशों के 500 से अधिक खरीदार और आयातक प्रतिनिधि भाग लेते हैं। ऐसे में हमें अमेरिका के साथ दूसरे देशों को निर्यात बढ़ाने का भी यह अच्छा अवसर मिलने जा रहा है।