रेल मंत्रालय ने स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत अभियान के तहत अपने स्टेशनों की स्वच्छता रिपोर्ट जारी की है। सर्वे रिपोर्ट में ए-1 श्रेणी वाले स्टेशनों में वाराणसी कैंट स्टेशन को 14वां स्थान मिला है। पिछले साल कराए गए सर्वे में कैंट को 63वां स्थान मिला है। इस बार 49 स्थान ऊपर खिसका है।
रेल मंत्रालय द्वारा कराए गए इस सर्वे में विशाखापत्तनम पहले स्थान पर, सिकंदराबाद दूसरे स्थान पर और जम्मूतवी तीसरे स्थान पर है। वहीं इस रिपोर्ट में मुगलसराय का स्थान 22 वें नंबर पर है। पिछले साल मुगलसराय 74वें स्थान पर था। लगभग 52 पायदान मुगलसराय स्टेशन ऊपर चढ़ा है।
बता दें कि इस सर्वे का आधार सफाई, वेटिंग रूम, प्रवेश द्वार, फुटओवर ब्रिज, वेंडर एरिया, यात्रियों की बैठने की क्षमता, पेयजल बूथ, पार्किंग एरिया, रेलवे ट्रैक्स, डस्टबिन आदि है। साथ ही स्टेशन को लेकर यात्रियों के फीडबैक भी लिए गए।
चीफ एरिया मैनेजर रवि प्रकाश चतुर्वेदी ने बताया कि निश्चित तौर पर कैंट रेलवे स्टेशन की यात्री सुविधा और सफाई से जुड़ी व्यवस्था में खासा सुधार आया है। साथ ही उन्होंने कहा कि कई विकास योजनाएं चल रही हैं जिनसे भविष्य में और भी बदलाव देखने को मिलेगा।