वेतन विसंगति और कर्मचारी उत्पीड़न से परेशान बिजली निगम के कॉल सेंटर के कर्मचारियों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार कर दिया। सूचना पर पहुंची एक्सईएन स्मृति सक्सेना और अजित सोनकर ने कर्मचारियों को उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। कार्य बहिष्कार के कुछ ही घंटों में कर्मचारियों के वेतन का भुगतान कर दिया गया। इसके बाद कर्मचारी काम पर लौट आए।
हड़ताली कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि नियोक्ता रामा इंफोटेक प्राईवेट लिमिटेड द्वारा पिछले एक साल से समय से वेतन भुगतान नहीं किया जाता है। वेतन की मांग करने पर न तो सही से जवाब दिया जाता है, न ही बिजली निगम के अधिकारी जवाब देते हैं। आरोप लगाया कि कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जाता है। कर्मचारियों के मुताबिक कार्य बहिष्कार के चलते सोमवार को 300 से अधिक शिकायतें पंजीकृत नहीं हो सकी।
विद्युत मजदूर संगठन ने जताया विरोध
संविदा और विद्युत मजदूर संगठन के सदस्यों ने कर्मचारी उत्पीड़न के विरोध में निदेशक कार्मिक शेष कुमार बघेल से मुलाकात कर विरोध जताया है। संगठन के पूर्वांचल महामंत्री वेद प्रकाश राय ने बताया कि कॉल सेंटर 1912 के कर्मचारियों का उत्पीड़न के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कहा कि अगर कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे। इस मौके पर संजय कुमार सिंह, संदीप कुमार, प्रशांत सिंह गौतम, उदयभान दूबे, रंजीत पटेल मौजूद रहे।