चौबेपुर। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने मंगलवार को बलुआघाट-पहड़िया मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य की धीमी गति और मानक के अनुसार गिट्टी नहीं डाले जाने पर नाराजगी जताते हुए इसकी शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री से करने के लिए कहा।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि चंदौली-वाराणसी के बीच बलुआ घाट पर पुल बन जाने के बाद इस सड़क पर वाहनों की बढ़ती तादात को देखते हुए इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए प्रदेश सरकार से 24 करोड़ रुपये स्वीकृत कराया गया है। संदहां से गौरा कलां के पास रिंग रोड तक यह सड़क 10 मीटर चौड़ी तथा आगे बलुआघाट से रिंग रोड तक साढ़े सात मीटर चौड़ी करने का प्रस्ताव है। कहा कि इस सड़क का काम अब तक 25 प्रतिशत तक हो जाना चाहिए। जबकि अभी एक प्रतिशत कार्य ही दिख रहा है। इसमें जो गिट्टियां लगाई गई हैं वह मानक के अनुरूप नहीं हैं। यहां सुकृत की गिट्टी न लगाकर अहरौरा की गिट्टी लगाई जा रही है। मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री से शिकायत कर इसकी जांच कराई जाएगी।
इसके बाद मंत्री अनिल राजभर जाल्हूपुर स्थित कच्चा बाबा मंदिर के सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। यहां 50 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य होना है। मंदिर परिसर के पास मंडी समिति द्वारा 55लाख की धनराशि से बनने वाली सब्जी मंडी का निरीक्षण किया।