वाराणसी। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के निदेशक मंडल की 21 वीं बैठक शुक्रवार को कमिश्नरी में हुई। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बाबतपुर एयरपोर्ट से कैंट तक कांट्रैक्ट बेस पर छोटे एसी बसों को संचालित कराने का निर्देश क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन को दिया। राजातालाब में उपलब्ध ग्राम समाज की 1.83 एकड़ भूमि पर वीसीटीएसएल का बस स्टेशन एवं कार्यशाला बनेगी। इसके लिए पांच करोड़ 92 लाख 80 हजार रुपये का शासन स्तर पर लंबित प्रस्ताव के शीघ्र स्वीकृति हेतु प्रमुख सचिव को पत्र लिखा गया है।
बैठक में कमिश्नर ने बसों में बेटिकट यात्रा करने वालों और बगैर टिकट यात्रा कराने वाले कंडक्टरों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्य के लिए तीन भूतपूर्व सैनिकों को आउटसोर्स के आधार पर रखने को कहा। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस की शहर में संचालित बसों के ठहरने के प्रमुख स्थलों को पीपीपी मॉडल पर स्मार्ट बस स्टैंड बनाने को कहा। इसके लिए एक माह के अंदर टेंडर निकालने के लिए अपर आयुक्त को निर्देशित किया। स्मार्ट बस स्टैंडों पर शहर में संचालित सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस की बसों का लाइव टाइम टेबुल डिस्प्ले बोर्ड भी लगेगा। जिस पर बसों का लाइव टाइम टेबल प्रसारित होता रहेगा। साथ ही सिटी ट्रांसपोर्ट की सभी बसों में जीपीएस भी लगाए जाएंगे।
कमिश्नर ने सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस की आय में वृद्धि एवं यात्रियों को बसों में बेहतर सुविधा मुहैया कराने पर जोर दिया। बसों में सीएनजी किट लगाकर उसे सीएनजी में कन्वर्ट कराने को कहा। साथ ही बसों को सुविधाजनक बनाने का निर्देश दिया। रेलवे स्टेशन पर प्रीपेड बस सिस्टम काउंटर लगाने को कहा। बैठक में नगर आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी नगर विनय कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक आरटीओ प्रवर्तन सहित क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम आदि मौजूद रहे।
जीपीएस का तार काटने वालों की खैर नहीं
128 बसों में लगे जीपीएस में से मात्र 20 बसों के ही जीपीएस सिस्टम क्रियाशील होने की जानकारी पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बसों में लगे जीपीएस के तारों को कतिपय लोगों द्वारा काटने की जानकारी दी। इस पर कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि तारों को काटने वालों को चिह्नित कर उनकी सेवा समाप्त की जाए। उन्होंने बसों में लगने वाले जीपीएस को ऐसी तकनीक के तहत लगाने को कहा ताकि उसके तार आदि किसी भी दशा में न कट पाएं।