निजी स्कूल प्रबंधनों द्वारा नियमों को ताक पर रखकर निजी वाहनों से स्कूली बच्चे ढोए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावक नियमों के प्रति जागरूक नहीं हैं। ऐसे में स्कूल संचालकों द्वारा मनमानी की जा रही है। बड़ागांव थाना अंतर्गत कोईराजपुर, हरहुआ, भगतुपुर, बैजलपट्टी, सेहमलपुर, भेलखा सहित अन्य स्थानों पर हरहुआ क्षेत्र के चुनिंदा निजी विद्यालयों के बाहर बच्चों को लेकर आने वाले निजी वाहन खड़े रहते हैं।
स्कूल की छुट्टी होने के बाद उन्हीं वाहनों से बच्चों को घर पहुंचाया जाता है। कुछ ऐसे भी स्कूल संचालक हैं, जो बच्चों के लिए निजी वाहनों का ही इस्तेमाल कर रहे हैं। अधिकतर स्कूलों में जो बसें लगाई गई हैं, उनमें न तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही उस पर लिखे नंबर पर संपर्क हो पाता है।