सारनाथ में बौद्ध भिक्षुओं ने की विशेष पूजा
- फोटो : अमर उजाला
श्रीलंका में शांति के लिए रविवार को सारनाथ स्थित जंबू द्वीप बौद्ध मंदिर में विशेष पूजा की गई। श्रीलंकाई बौद्ध भिक्षुओं ने घंटे भर चले अनुष्ठान के दौरान वहां शांति और स्थिरता की कामना की। जंबू द्वीप बौद्ध मंदिर के संस्थापक भिक्षु डॉ. के सिरी सुमेध थेरो व भिक्षु निफपीठिये नंद रतन के नेतृत्व में भगवान बुद्ध की प्रतिमा के सामने बौद्ध भिक्षु एकत्र हुए।
बौद्ध भिक्षुओं ने दीप जलाकर विधि-विधान से पूजन को पूर्ण किया। डॉ. के सिरी सुमेध थेरो ने कहा कि कोरोना काल के चलते श्रीलंका में पर्यटन व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई थी। दूसरे देशों से सामान लेने के कारण विदेशी मुद्रा कोष भी समाप्त हो गया। जिसकी वजह से देश की हालत खराब हुई है।
इसका फायदा उठाकर विपक्षी पार्टियों द्वारा आंदोलन और हंगामा कराया जा रहा है। इससे देश की हालत और ज्यादा खराब हो जाएगी। ऐसी स्थिति में सभी को एकजुट होकर देश को खराब स्थिति से उबारने का प्रयास करना चाहिए। श्रीलंका की स्थिति पहले बहुत अच्छी थी, लेकिन लिट्टे आंदोलन के बाद स्थितियां बिगड़नी शुरू हो गई थी।