प्रधानमंत्री भी रहे पूर्व सांसद अफजाल अंसारी के निशाने पर
- फोटो : अमर उजाला
बसपा नेता एवं पूर्व सांसद अफजाल अंसारी मंगलवार को भाजपा और सपा पर हमलावर रहे। अजगरा विधानसभा क्षेत्र के चोलापुर के कटारी में पार्टी प्रत्याशी त्रिभुवन राम के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम ने पूरे देश के लोेगों को लाइन में खड़ा कर दिया।
सरकार को तीन साल पूरे हो गए लेकिन पीएम एक रुपये भी काला धन देश में नहीं ला सके। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लैपटॉप पकड़ाकर युवाओं को झुनझुना थमा दिया। इससे बेरोजगारी बढ़ी है।
अफजाल ने कहा कि भाजपा ने झूठ बोलकर जनता का वोट लिया और समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में दंगा कराकर लोगों की जान ले ली।
मुख्यमंत्री को घेरते हुए बोले-मुस्लिमों को आरक्षण देने का वादा कर सत्ता पर काबिज हो गए मगर पूरे पांच साल में उन्हें आरक्षण का लाभ नहीं दिलाया। मुख्यमंत्री चापलूसों से घिरे हैं। पीएम और सीएम विकास का मुद्दा भूल गए हैं।
जनता की बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, रोजगार पर बहस के बजाय दोनों गधे की चर्चा में व्यस्त हैं। प्रदेश के किसानों, बुनकरों को बिजली, पानी की जरूरत है।