वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बीए/बीएससी द्वितीय वर्ष के गणित द्वितीय का पेपर आउट होने पर मंगलवार को होने वाली परीक्षा निरस्त कर दी गई। उधर, चंदौली में यूपी बोर्ड की इंटर रसायन विज्ञान का द्वितीय प्रश्नपत्र आउट हो गया।
पूर्वांचल विवि की बीए/बीएससी द्वितीय वर्ष के गणित द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा मंगलवार को दूसरी पाली में होनी थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही पेपर आउट होने की सूचना मिलने पर सभी केंद्रों को परीक्षा निरस्त करने की सूचना दी गई। परीक्षा की अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। कुलपति प्रो. पीयूष रंजन अग्रवाल ने बताया कि टीम बनाई गई है, जो जिलेवार जांच करेगी की पेपर आउट कराने में कौन लोग शामिल हैं। विवि प्रशासन अपने स्तर से भी गोपनीय जांच करा रहा है। दोष साबित होने के बाद संबंधित कॉलेज की संबद्धता समाप्त की जा सकती है।
चंदौली में यूपी बोर्ड की इंटर रसायन विज्ञान का द्वितीय प्रश्नपत्र मंगलवार सुबह नौ बजे से ही धानापुर और चहनियां में दो सौ से पांच सौ रुपये में बिकने लगा। जबकि परीक्षा दूसरी पाली में थी। डीआईओएस डा. मालती राय ने मुख्यालय के एक केंद्र पर पहुंचकर लीक प्रश्नपत्र का मिलान करवाया।
लीक पेपर और मूल पेपर में प्रश्नों के क्रम बदले थे लेकिन प्रश्न समान थे। डीएम कुमार प्रशांत ने कहा कि डीआईओएस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, चंद्रावती मेमोरियल इंटर कॉलेज सकलडीहा में इंटर रसायन विज्ञान द्वितीय की परीक्षा में एडीएम राजेंद्र सिंह ने सामूहिक नकल पकड़ी। 85 परीक्षार्थियों की कॉपियां जब्त करते हुए फिर से परीक्षा कराने की संस्तुति की। इस मामले में तीन लोगों पर केस दर्ज कराया गया।