मऊ जिले के जमुनीपुर गांव में मंगलवार देर शाम दो सगे भाइयों में विवाद हो गया। जिसमें एक भाई ने सीआरपीएफ जवान भाई पर लाठी से हमला कर दिया। उसे परिवारीजन अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। सीआरपीएफ जवान की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पिता शिवबचन और दो भाइयों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। गुरुवार सुबह पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। फरार दोनों भाइयों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव निवासी सीआरपीएफ जवान महेश भारती (43) तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी तैनाती चंडीगढ़ में थी। एक सप्ताह पहले ही वो अवकाश पर आया था। मंगलवार शाम घरेलू विवाद में उसकी पिता से कहासुनी हुई। जिसे देख छोटे भाई धर्मेंद्र ने विरोध किया, इससे विवाद और बढ़ गया और उसने महेश पर लाठी से हमला कर दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डॉक्टर ने महेश की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जवान की पत्नी सुनीता भारती ने पिता शिवबचन और दो भाइयों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष हरि शंकर सिंह ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें बनाई गई हैं। जल्दी ही दोनों गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।