इस पुल निर्माण से शहर में भीड़ का दबाव कम होगा। बदलापुर, मछलीशहर, मड़ियाहूं की तरफ से पूर्वांचल विश्वविद्यालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज या शाहगंज की तरफ जाने वाले लोग शहर के बाहर से ही कुद्दूपुर के रास्ते निकल जाएंगे। इससे जाम की समस्या भी कम हो जाएगी और लोगों का समय भी बचेगा।
चालू वित्तीय वर्ष में गोमती नदी पर दो सेतु निर्माण की वित्तीय स्वीकृति मिली है। इसमें एक शास्त्री पुल के समानांतर पुल और दूसरा प्यारेपुर से कलीचाबाद पुल का निर्माण शामिल है। इन दोनों सेतु के निर्माण से शहर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। यह जनपद के लिए बहुत बड़ी सौगात है। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि पुल के बन जाने से जौनपुर की जनता को जाम से निजात मिलेगा। जनपद में हो रही बहुआयामी विकास कार्यों में एक और कड़ी जुड़ गई है।