मऊ में दूल्हे की कार में ही आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया। अचानक कार से आग की लपटें निकलने से अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में दूल्हे को लोगों ने कार से बाहर निकाला। बाद में किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद दूल्हे को दूसरे वाहन से रवाना किया गया। घटना जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के मोहिउद्दीनपुर गांव की है।
गोरखपुर जिले के बड़हलगंज बाजार से मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के खैराबाद गांव बारात आनी थी, मुहम्मदाबाद गोहना पहुंच कर बराती रास्ता भूलकर मोहिउद्दीनपुर गांव पहुंच गए। बारातियों को अपने भूल का अहसास होने पर अभी वह वापस मुड़ रहे थे, कि दूल्हे की कार से धुआं निकलने लगा। जब तक कोई कुछ समझ पाता कार से आग की लपटें निकलने लगी। बरातियों ने दूल्हा तथा चालक को बाहर निकालकर आग पर काबू पाया। इसके बाद देर रात दूसरी गाड़ी से दूल्हे के साथ खैराबाद गांव में बारात पहुंची। वधू पक्ष के लोगों ने बरातियों को जलपान कराने के बाद शादी की रस्में पूरा की।