जानकारी के अनुसार, भीमपुरा थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी आदर्श कुमार फेफना थाना के छोटकी नरही निवासी बुआ के लड़के मुन्ना की बरात में शामिल होने आया था। बुधवार की शाम को बरात पंडितपुरा तिवारीपुर गई थी। ग्रामीणों के अनुसार लड़की पक्ष के यहां द्वारपूजा के दौरान बरात में शामिल किसी लड़के ने गांव की एक लड़की से छेड़खानी की। इसको लेकर बराती व घराती पक्ष के युवकों में मारपीट हो गई।
सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची, मामले को शांत किया। उस समय तो मामला शांत हो गया। खाना खाने के बाद बरात में शामिल युवकों के साथ आदर्श वापस छोटकी नरही जाने के लिए निकले तो राइस मिल के पास पहले से घात लगाकर बैठे गांव के पांच-सात युवकों ने हमला कर दिया। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी रसड़ा पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने आदर्श को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन परिजन मऊ लेकर चले गए। देर रात मऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान आदर्श की मौत हो गई।
घटना के तीसरे दिन सख्त कार्रवाई न होने से दर्जनों ग्रामीण व रिश्तेदार थाने पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष से अन्य आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने कहा कि युवक के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दो की तलाश जारी है। जांच के उपरांत अन्य आरोपियों का नाम जोड़ा जाएगा।