चेतगंज थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को सेनपुर स्थित दुकान में ब्रांडेड कंपनी के नकली पेंट बनाने का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इस दौरान 20-20 लीटर पेंट की दो बाल्टियां, 29 खाली बाल्टी, नकली स्टीकर सहित अन्य सामान बरामद हुए। इस दौरान मौके से एक आरोपी भाग निकला। नई दिल्ली स्थित कंपनी के कर्मचारियों के साथ पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
नई दिल्ली मयूर विहार के कंपनी के कर्मचारी चंद्रकांत ने चेतगंज थाने में तहरीर दी कि सेनपुर स्थित एक दुकान और मकान के अंदर ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली पेंट बनाया जा रहा है। इस पर चेतगंज थाना प्रभारी परमहंस गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस ने दुकान पर छापा मारा। इस दौरान दुकान अनिल चक्रवाल को गिरफ्तार किया गया। वहीं पुलिस को चकमा देकर अनिल का भाई गौतम चक्रवाल भाग निकला। इंस्पेक्टर चेतगंज परमहंस गुप्ता ने बताया कि आरोपी गौतम चक्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर टीम दबिश दे रही है।