लॉन संचालक राजेश कुमार बताते हैं कि कई लॉन और बैंक्वेट संचालकों ने अपने रेट भी लगभग डेढ़ गुने कर दिए हैं। इस बार लग्न के दिन कम हैं, इसलिए लोग निर्धारित दिनों में ही शादियां करने को मजबूर हैं। कई ग्राहक मनचाही तारीख के लिए अधिक पैसे भी देने को तैयार हैं, लेकिन पहले से तय कार्यक्रमों की वजह से उन्हें मना करना पड़ रहा है। शहर के ज्यादातर छोटे और बड़े बैंक्वेट हॉल के अलावा मोहल्ले के सभी आयोजन स्थल भी बुक हैं।
अन्य जिलों में तलाश रहे कार्यक्रम की जगह : कुछ लोगों को आयोजनों के लिए चंदौली, मिर्जापुर और जौनपुर में वैकल्पिक जगह तलाशनी पड़ रही है। कार्यक्रम प्रबंधन से जुड़े लोगों का कहना है कि इतने भारी दबाव के बावजूद आयोजन स्थल संचालकों की कोशिश है कि सभी आयोजन कराए जा सकें।
इस बार लग्न के सीजन में सजावट, कैटरिंग, फोटोग्राफी, किराना, खान-पान के कारोबार को रफ्तार मिली है। इस बार के लग्न में पिछले वर्ष की अपेक्षा डेढ़ गुना ज्यादा कारोबार हो रहा है। लग्न भले ही 8 दिसंबर तक हैं, लेकिन छोटे-छोटे आयोजनाें के कारण कारोबारियों की चांदी है। - राजेश श्रीवास्तव, प्रवक्ता, वाराणसी टेंट एसोसिएशन