बॉलीवुड के मशहूर गायक फरहान साबरी ने भावी डॉक्टर्स को झूमने पर मजबूर कर दिया। मौका था बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में चल रहे तीन दिवसीय यूथ फेस्ट आयुष प्रज्ञा-2018 के अंतिम दिन सेलेब्रिटी नाइट का।फिल्म बाजीराव मस्तानी, मिर्जिया, नीरजा और यमला-पगला-दिवाना जैसी फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग कर चुके फरहान साबरी ने बुधवार का शाम बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में धमाल मचाया।
'नजर जो तेरी लागी तो मैं दिवानी हो गई'... लगन- लगन तुझसे लगन लगी जैसे गानों की उन्होंने प्रस्तुति दी तो पूरा हॉल सुर, लय और ताल पर पर कदमताल करने लगा। छात्र वंस मोर वंस मोर का शोर करने लगे। बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में चल रहे तीन दिवसीय यूथ फेस्ट आयुष प्रज्ञा-2018 बुधवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया।
दिन में जहां मिस्टर एंड मिस आयुष प्रज्ञा के फाइनल मुकाबले में प्रतिभागियों ने अपने हुनर का जादू बिखेरा। वहीं, रात में सेलेब्रिटी नाइट में बालीवुड के गीतों पर खूब ठुमके भी लगाए गए। समारोह में रक्तदान, नाटक, गीत-नृत्य आदि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह् प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कृषि विज्ञान संस्थान के शताब्दी सभागार में बुधवार को दिन में मिस्टर एंड मिस आयुष प्रज्ञा के फाइनल मुकाबले में एक से बढ़कर एक परिधान में सज धजकर प्रतिभागी मंच पर उतरे तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
प्रतिभागियों की कला के आगे कुछ समय तक निर्णायकों को भी यह सोचना पड़ा कि आखिर वह किसको चयनित करें और किसको नहीं। इसके बाद दोपहर में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। संकाय के बीएमएस 2015 बैच के छात्रों की ओर से आयोजित कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र अंतिम दिन स्वतंत्रता भवन में आयोजित सेलेब्रिटी नाइट रहा।