वाराणसी। बाबा विश्वनाथ मंदिर की व्यवस्थाएं धीरे-धीरे ऑनलाइन होती जा रही हैं, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को ज्यादा तकलीफ न हो। इसके लिए वीडीए कि कंसल्टेंसी संस्था ने एक एप बनाया है। इस ऐप के माध्यम से बाबा की आरती की ऑनलाइन बुकिंग 2 दिन पहले तक की जा सकती है। इससे श्रद्धालुओं को काफी लाभ मिलेगा। इसकी लांचिंग बुधवार की शाम कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में यह बहुत ही जरूरी सेवा है। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को कोई तकलीफ नहीं होगी। मंदिर के कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि मंदिर की सेवाओं में पारदर्शिता लाने के लिए इस तरह की चीजें की जा रही हैं, ताकि हर व्यक्ति मंदिर की हर सुविधा का लाभ ऑन लाइन ले सके। वहीं ऑनलाइन हर व्यवस्था की जांच कर सके। इसमें मंदिर में आरती की बुकिंग के साथ ही मंदिर के धर्मशाला की बुकिंग के लिए भी एक ऐप लांच किया गया है। इसमें ढाई हजार रुपए देकर मंदिर के गेस्ट हाउस में कमरा बुक किया जा सकता है। यह सारी व्यवस्थाएं ऑनलाइन हो गई हैं। इस ऑन लाइन सुविधा से दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बुकिंग के चलते इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा, न ही दलालों के चक्कर में फंस कर महंगे होटलों में रहना पड़ेगा। मंदिर से संबंधित अन्य जानकारियां भी वेबसाइट पर डाली जा रही है, ताकि किसी श्रद्धालुओं और बाबा के भक्तों को परेशानी ना हो।