फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बॉडी बिल्डिंग : एक दिन में 24 अंडे, एक किलो मछली, चिकन और 50 बादाम खाते हैं आनंद; पढ़ें खेल की अन्य खबरें

Fri, 27 Dec 2024 05:02 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी के कालभैरव निवासी बॉडी बिल्डर आनंद यादव मैं नवंबर 2025 में यूएसए के लास वेगास में मिस्टर ओलंपिया बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लूंगा। आनंद ने 2014 में अपना पहला मुकाबला डीएवी इंटर कॉलेज में खेला था और मिस्टर बनारस का टाइटल जीत लिया।
विज्ञापन
मुंबई में जीत के बाद तिरंगे के साथ आनंद यादव। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मीठा और तैलीय खाने में परहेज करता हूं। रोज 24 अंडों के अलावा एक किलो फिश, एक किलो चिकन, ढाई किलो हरी सब्जीयां, देसी घी, सलाद और 50 बादाम खाता हूं। ये डाइट कालभैरव निवासी बॉडी बिल्डर आनंद यादव की है। 

विज्ञापन


आनंद ने बताया कि नवंबर 2025 में यूएसए के लास वेगास में मिस्टर ओलंपिया बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। बताया कि प्रतियोगिता के लिए सात दिन पहले से ही नमक खाना छोड़ देते हैं। दो दिन पहले से पानी भी नाम मात्र पीते हैं। 10 साल मेहनत के बाद ऐसा शरीर बन पाया है। आनंद पहले भारतीय क्लासिक फिजिकल कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने यह मुकाम मुंबई में भारत प्रो बॉडी बिल्डिंग शो में स्वर्ण पदक जीतकर हासिल किया है। 

आनंद ने 2014 में फिटनेस के लिए जिम जाना शुरू किया था। पहला मुकाबला डीएवी इंटर कॉलेज में खेला और मिस्टर बनारस का टाइटल जीत लिया। तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़े आनंद रोज चार घंटे अभ्यास करते हैं। जिम के लिए बीए की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। 2016 में सिगरा में हुई नॉर्थ इंडिया प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। मुंबई में सर्टिफिकेशन और न्यूट्रीशन का कोर्स किया। 2017 अक्तूबर में लौट आए। आर्थिक तंगी से उबरने के लिए एक जिम में बतौर ट्रेनर ढाई साल काम किया। 
विज्ञापन


बनारस क्लासिक 2018 में खेला और पचास हजार का इनाम जीता। 2020 में लॉकडाउन में जिम ट्रेनर की जॉब भी हाथ से निकल गई। 2021 में मिस्टर वर्ल्ड प्रतियोगिता में गोल्ड जीता। 

Trending Videos

मुंबई में जीती प्रो इंडिया प्रतियोगिता 
2023 में पहला राष्ट्रीय एमेच्योर इंडिया खेला और प्रो कार्ड जीतकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का दरवाजा खोल लिया। अगले दिन ही भारत प्रो शो मुंबई में चौथा स्थान हासिल किया। 2024 में मुंबई में प्रो कार्ड जीता। मुंबई में ओवरऑल चैंपियन बनकर सीधे मिस्टर ओलंपिया के लिए क्वालिफाई किया।

चिकित्सक के संपर्क में रहना जरूरी
मैच से पहले 20 से 25 मिनट वार्मअप करते हैं। कहा कि कई बॉडी बिल्डर घंटों वॉर्मअप करते हैं। इससे मसल्स को आराम नहीं मिलता और खिलाड़ी पर साइड इफेक्ट पड़ता है। पाउडर और कृत्रिम खाद्य से परहेज करना चाहिए। कोच हमेशा पढ़ा लिखा चुनना चाहिए। खिलाड़ी को चिकित्सक के संपर्क में रहना चाहिए। इसमें लगातार निगरानी की जरूरत होती है। 

दक्ष ने दो कांस्य, एके अंसारी ने दो स्वर्ण जीते
पंजाब के अमृतसर में अखिल भारतीय स्केटिंग प्रतियोगिता में जिले के दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर मान बढ़ाया। अंडर-14 में बजरडीहा निवासी दक्ष सैनी ने तीन और पांच सौ मीटर स्केट में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। दक्ष अब तक दो राष्ट्रीय और तीन प्रादेशिक मुकाबले खेलकर तीन पदक जीता है। हनुमान फाटक तेलियाना निवासी एके अंसारी ने तीन और पांच सौ मीटर स्केट में स्वर्ण पदक जीता।

काशी के अभिषेक ने  सुमित को किया चित
मऊ के परदहां विकास खंड क्षेत्र के भलया स्थित राम जानकी कुटी परिसर में कुश्ती प्रतियोगिता हुई। भलया के सुमित और बनारस के अभिषेक बीच कुश्ती हुई। अभिषेक ने सुमित को पटखनी दी। भलया के रंजीत और बनारस के राहुल के बीच हुई कुश्ती बराबरी पर छूटी। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

बैडमिंटन में वाराणसी का दबदबा
चहनिया क्षेत्र के खंड इंटर कॉलेज में दो दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का बीती देर रात समापन हुआ। जूनियर बालिका डबल्स में वाराणसी ने बाजी मारी। वाराणसी की अनामिका और आंचल को दूसरा स्थान मिला। इसी तरह जूनियर बालिका डबल्स में वाराणसी की अनामिका और आंचल प्रथम, नव्या त्रिपाठी और श्वेता पाल दूसरे स्थान पर रहीं। 

प्रतियोगिता से पहले अतिथियों से मिलते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
ब्लू होंडा ने जीती मेमोरियल वॉलीबॉल प्रतियोगिता
राज्यस्तरीय डॉ. सविता मेमोरियल वॉलीबॉल प्रतियोगिता खत्म हुई। 48 टीमों के 768 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रोमांचक फाइनल में आजमगढ़ की ब्लू होंडा टीम ने एसपीएम क्लब को दो सेट में हराकर मैच जीत लिया। सेमीफाइनल में एसपीएम क्लब ने मेजबान सुश्रुत क्लब को 31-15 और ब्लू होंडा ने टीएवी को 31- 25 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

विजेता टीम को सिंह ने 24,100 और उपविजेता को 21,100 रुपये नगद, मेडल देकर पुरस्कृत किया। क्षेत्रीय स्तर के मुकाबलों में आजाद क्लब मल्लहिया सुश्रुत आई क्लब को हरा कर विजेता बनी। पुरस्कार वितरण डॉ. तेजबली सिंह, डॉ. रामआसरे सिंह और डॉ. कार्तिकेय, डॉ. अपेक्षा अग्रवाल ने किया। ब्लू होंडा के नेहाल अहमद मैन ऑफ द मैच बने। 

अतिथि को सम्मानित करते आयोजक। - फोटो : अमर उजाला
सौम्या, स्पर्श समेत 66 खिलाड़ी दूसरे चक्र में पहुंचे
जिला बैडमिंटन की ओर से दोपहर लहरतारा के स्कूल में जिलास्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता हुई। अपने मुकाबले जीत सौम्या और स्पर्श बजाज दूसरे चक्र में पहुंचे। पहले दिन बालक-बालिका वर्ग के 22 इवेंट में 250 खिलाड़ियों ने दम दिखाया। अंडर-11 में स्पर्श बजाज ने मो. वाहिद, फरहान ने शौर्यांशु, अविरल ने सनय, वंश ने आदित्य, सुधांशु ने सूर्यांश, यश अग्रवाल ने आरव सर्राफ को हरा गले राउंड में प्रवेश किया। संचालन नागेंद्र सिंह ने किया। मुख्य अतिथि ओपी गुप्ता और विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक थे। आरएस यादव, कालिका सिंह, शिवानंद, डॉ, आरएन, जितेंद्र, राधेश्याम रहे। 

17 पदक के साथ विवेकानंद, कलाम प्रथम
त्रिपदा पब्लिक स्कूल में पांच दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता हुई। 200 मीटर रेस में आर्यभट्ट ने कुल 4 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। राधाकृष्णन और कलाम ने 3 पदक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विवेकानंद ने 2 पदकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि रमेश पटेल, विशिष्ट अतिथि  श्याम पटेल, कन्हैया, डॉ. दिलीप और योगेश रहे। प्रधानाचार्य सुरेंद्र पटेल, सुरिंदर पाल, सुरेंद्र, संजय, कैलाश वर्मा, कृष्णा पाठक और शिप्रा सिंह ने उत्साह बढ़ाया। 

कुराश में प्रीति और शिवकुमार ने जीते पदक
राष्ट्रीय कुराश एसोसिएशन की ओर से 14वीं सीनियर नेशनल कुराश प्रतियोगिता पंजाब के लुधियाना में गुरु नानक स्टेडियम में खेली गई। दो दिवसीय प्रतियोगिता में यूपी की टीम में वाराणसी के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वाराणसी के भरथरा गांव निवासी प्रीति पटेल ने रजत और शिवकुमार पाल ने कांस्य पदक जीता। कोच प्रदीप पाल ने बताया कि दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता 23 से 25 दिसंबर तक होगी। कोच ने बताया कि दोनों खिलाड़ी संजोई अखाड़े पर रोज तीन घंटे अभ्यास करते हैं। बताया कि दोनों लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। 

क्रिकेट : फाइनल में पहुंची ईश्वरदेव मिश्र एकादश टीम
आनंद चंदोला खेल महोत्सव के तहत 37वीं कनिष्कदेव गोरावाला मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को सिगरा स्टेडियम में खेली गई। दूसरे सेमीफाइनल में गर्दे एकादश को हराकर ईश्वरदेव मिश्र की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। 

पहले बल्लेबाजी कर गर्दे एकादश ने 19 ओवर में 87 रन बनाए। पवन ने 30 और दीपक राय ने 11 रन बनाए। जवाब में ईश्वरदेव मिश्र एकादश ने 10.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पहले ही ओवर में गर्दे एकादश के संतोष सिंह ने दो विकेट लेकर सनसनी फैला दी। दीपक बहल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल शुरू कराया। 

रविदास पैंथर्स जीता
स्व. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट जयनारायण इंटर कॉलेज मैदान पर खेला गया। रविदास पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 12 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाए। रामनगर की टीम 82 रन पर ऑलआउट हो गई। 

दूसरे चक्र में पहुंची मिर्जापुर और प्रयागराज क्रिकेट एकेडमी: क्षेत्र के खोचवां गांव में सूर्या पार्क मैदान में बृहस्पतिवार को स्वर्गीय बाबू रामखेलावन सिंह स्मृति राज्य आमंत्रण क्रिकेट खेला गया। बीएनएस क्रिकेट एकेडमी ने 16 ओवर में 144 रन बनाए। जवाब में प्रयागराज ने 145 रन बना 6 विकेट से मैच जीत लिया। 

क्रिकेट : जीत के साथ एसीए क्वार्टरफाइनल में
10वीं स्व पंडित अनिरूद्ध मिश्र स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को एंफीथियेटर मैदान पर हुई। आनंद क्रिकेट एकेडमी (एसीए) के बल्लेबाज शिवांश की अर्धशतकीय पारी की मदद से विंध्यवासिनी क्लब को तीन विकेट से हरा दिया। 
विज्ञापन

प्रतिभाग करतीं महिला खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
पेंचक सिलाट में आकृति ने लगातार दूसरे साल जीता गोल्ड
49वीं उत्तर प्रदेश पुलिस की वार्षिक जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता भुल्लनपुर के 34वीं वाहिनी पीएसी परिसर में हुई। यूपी पुलिस से संबंधित 11 जोन के 723 खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्ग में खेल दिखाया। 

गोरखपुर की आकृति ने लगातार दूसरे साल स्वर्ण पदक जीता। दूसरे दिन पेंचक सिलाट के महिला वर्ग के 45 किग्रा भार वर्ग में पहला मैच गोरखपुर और प्रयागराज जोन के बीच खेला गया। दूसरा मैच बरेली और कानपुर जोन के बीच हुआ। कानपुर जोन की कृष्णा मूडसैनिया ने जीत हासिल की। 

फाइनल गोरखपुर और कानपुर जोन के बीच खेला गया। इसमें गोरखपुर जोन की आकृति ने जीत हासिल कर शील्ड अपने नाम किया। जूडो के 45 से 50 किग्राभार वर्ग में बरेली जोन की सोनिया ने प्रथम और लखनऊ जोन की नीतू ने दूसरा स्थान हासिल किया। 50 से 55 किग्रा भार वर्ग में कानपुर की नीतू ने प्रथम स्थान और 55 से 60 किग्रा भार वर्ग में प्रयागराज जोन की प्रिया सिंह ने परचम लहराया। 

60 से 65 किग्रा भार वर्ग में लखनऊ जोन की नीतू धारीवाल और 65 से 70 किग्रा भार वर्ग में बरेली जोन की बबीता ने अपना स्थान पक्का किया। 70 से 75 किग्रा भार वर्ग में गोरखपुर जोन की साच्ची पटेल ने प्रथम और बरेली जोन की संध्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सेनानायक पंकज कुमार पांडेय ने खिलाड़ियों की खेल भावना की प्रशंसा कर उत्साहवर्धन किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें