डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर मंगलवार को पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने नाविक समाज के साथ बैठक की। इस दौरान नाविकों ने लाइसेंस नवीनीकरण का मुद्दा उठाया।
विज्ञापन
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार निषाद ने कहा कि वर्ष 2024 से नगर निगम द्वारा नौका और मोटरबोट के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं किया गया। इससे नाविकों की आजीविका प्रभावित हो रही है। बाहरी वाटर टैक्सी को लाइसेंस दिए जाने से स्थानीय नाविकों के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है। नाविकों ने मांग की कि नौका संचालन के लाइसेंस का अधिकार नगर निगम के पास ही रहे। उन्होंने परिवहन विभाग से लाइसेंस लेने का विरोध किया। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि 30 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा 4 जुलाई को नगर विकास विभाग को पत्र भेजकर नगर निगम के माध्यम से ही नौका और मोटरबोट के लाइसेंस का नवीनीकरण कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लेगी। निषाद राज सेवा समिति की ओर से राज्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।