सिगरा पुलिस ने रविवार देर रात बाइक को रोककर जांच की। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने के साथ ही अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि यातायात नियमों के खुलेआम उल्लंघन, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण फैलाने के मामले में बाइक सीज की गई है। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से देर रात इस बाइक के तेज गति से चलने और तेज आवाज करने की शिकायतें मिल रही थीं।
पुलिस के मुताबिक बाइक का चालक तेज रफ्तार में बाइक चलाने के साथ अचानक तेज आवाज वाला बैकफायर करता था। इससे सड़क पर चलने वाले लोगों और आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल बन रहा था। पुलिस अब बाइक से संबंधित दस्तावेज और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।