बीएचयू अस्पताल में ब्लैक फंगस के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब अस्पताल प्रशासन मरीजों को भर्ती करने के लिए अन्य वार्डों के साथ ही इलाज, जांच संबंधी व्यवस्थाओं की मानीटरिंग में लग गया है। बीएचयू अस्पताल में ब्लैक फंगस के मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में 24 घंटे ऑपरेशन की सुविधा पिछले दिनों से चल रही है। इसके बाद ऑपरेशन की संख्या भी बढ़ी है। अब तक अस्पताल में ब्लैक फंगस वाले 105 मरीजों का ऑपरेशन हो चुका है।
अब तक मिले इंजेक्शन
19 मई 100 इंजेक्शन
28 मई 250 इंजेक्शन
3 जून 225 इंजेक्शन
बीएचयू अस्पताल के स्त्री रोग विभाग के लेबर रूम में भर्ती एक महिला अपने पति के साथ बाहर चली गई। खोजबीन के बाद कोई पता नहीं लगा तो अस्पताल प्रशासन ने लंका थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। अस्पताल में एक जून को शाम को जौनपुर के देहलूपुर निवासी दीपक ने अपनी पत्नी ज्योति (25) को भर्ती कराया था। वह तीन जून की शाम चली गई। खोजबीन के बाद उसका पता नहीं चलने पर अस्पताल प्रशासन ने चार जून को मामले में लंका थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
इस बारे में लंका इंस्पेक्टर महेश पांडेय ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की ओर से एक मेमो मिला था, जिस पर महिला के पति से बातचीत की गई। पति ने बताया कि महिला घर आ गई है। बीएचयू अस्पताल के एमएस प्रो. केके गुप्ता ने बताया कि पुलिस को सूचना दी गई है। इस बारे में स्त्री रोग विभाग के लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।