शिक्षक दिवस के मौके पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) ने बांह पर काली पट्टी बांंधकर विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षकों की मांगों को लेकर नारेबाजी की।
शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में एकजुट के जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह ने प्रदेश सरकार की ओर से मानसूून सत्र में पास किए गए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग विधेयक -2023 में शिक्षकों की सेवा सुरक्षा संबंधी धारा -21 हटाए जाने को शिक्षक विरोधी बताया। कहा कि सरकार एक तरफ शिक्षकों के सम्मान का दिखावा कर रही है तो दूसरी तरफ नया विधेयक पास कराकर शिक्षकों को असुरक्षित कर रही है। ऐसे में शिक्षक इस बार शिक्षक दिवस पर विरोध करने को मजबूर हैं। जिला प्रवक्ता विजय दुबे कहा कि पहले किसी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने से पूर्व उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज से प्रबंधक को अनुमति लेनी पड़ती थी, मगर नए विधेयक में यह प्रावधान हटा दिया गया है। अब प्रबंधक मनमाने तरीके से आरोप लगाकर शिक्षकों को प्रताड़ित करेंगे। इसके अलावा वरिष्ठ प्रवक्ता की प्रधानाचार्य पद और सहायक अध्यापक की प्रवक्ता पद पर पदोन्नति के प्रावधान को भी हटा दिया गया है। अगर सरकार ने नवीन विधेयक में सेवा सुरक्षा एवं पदोन्नति संबंधी प्रावधान नहीं जोड़े तो शिक्षक आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। विरोध जताने वालों में शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज ओबरा सोनभद्र के अनिल तिवारी, विजय दुबे, शिव सिंह, चंद्रकांत त्रिपाठी, सनोज चौहान, कृष्ण कुमार, छन्नूलाल, अनुराग पांडे, सत्य प्रकाश सिंह, अशोक कुमार, आशुतोष कुमार, बृजेश कुमार मौजूद रहे।