पांच नामजद सहित दर्जनों अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर जिले के दिलदारनगर के वार्ड नंबर एक में बिजली संकट को लेकर शुक्रवार को दोपहर दिलदारनगर विद्युत उपकेंद्र पहुंचे ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेई को मौके पर बुलाने को लेकर विवाद होने पर एसडीओ की पिटाई कर दी।
घटना से गुस्साए विद्युत कर्मियों ने पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप कर दी और नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। एसडीओ की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और दर्जनों अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। करीब छह घंटे बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हुई।
वार्ड नंबर एक का ट्रांसफार्मर 15 दिनों से जला पड़ा था। गुरुवार की देर शाम नया ट्रांसफार्मर पहुंचा तो लोग रात में ही इसे लगाने के लिए जेई और एसडीओ पर दबाव बनाने लगे, किंतु रात में ट्रांसफार्मर नहीं लगा। दूसरे दिन दोपहर तक किसी विद्युतकर्मी के न पहुंचने पर लोग जेई की तलाश में उपकेंद्र पहुंच गए और वहां मौजूद एसडीओ रत्नेश कुमार जायसवाल से जेई के बारे में पूछताछ की।
इस दौरान कुछ लोग गाली गलौज करने लगे एसडीओ द्वारा इसका विरोध करने पर लोग उन्हीं को पीटने लगे। एसडीओ की सूचना पर पुलिस पहुंची तो हमलावर वहां से फरार हो चुके थे । उप जिलाधिकारी सेवराई मोहम्मद समर ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।