फूलपुर/पवई विस के सुमहाडीह बाजार में भाजपा की जनसभा को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद म?
- फोटो : AZAMGARH
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सात मार्च को जनता वोट डालेगी और 10 मार्च को कमल खिलेगा। प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव करहल से चुनाव हार चुके हैं। इसके बाद गुंडे चाऊमीन बेचेंगे। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कहा है कि अवैध कब्जों को हटाकर गरीबों को पट्टा दिया जाएगा। वे बृहस्पतिवार को फूलपुर पवई और निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि गरीबों को फ्री में राशन मिल रहा है अगर सपा सरकार होती तो गरीबों का राशन खा जाती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ना खाऊंगा ना खाने दूंगा और गरीबों में बांट दूंगा। कहा, अखिलेश यादव कहते हैं कि भाजपा की वैक्सीन है, हम नहीं लगवाएंगे। सात मार्च को अखिलेश को वैक्सीन लगाने का काम जनता करेगी। अखिलेश यादव ने ममता दीदी को काशी में बुलाया है। मैं कहना चाहता हूं कि ममता काशी में आएंगी तो हर हर महादेव सुनाई देगा, अयोध्या में आएंगी तो जय श्री राम सुनाई देगा, मथुरा में आएंगी तो राधे-राधे सुनाई देगा। वे देश में कहीं भी जाएंगी तो जय माता दी सुनने को मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने निजामाबाद में कहा कि हम वोट मांगने नहीं आए हैं वोट के नाम पर कर्ज मांगने आए हैं। भाजपा सरकार के पिछले 5 वर्षों में किए गए कार्यों को हम भूल नहीं सकते। गरीबों, वंचितों, किसानों और माताओं-बहनों के हित में किए गए कार्य भाजपा को फिर से सत्ता में लाएगी। भाजपा सरकार किये गये विकास कार्यों से ही जनता को अपने विश्वास में ले रही है। उन्होंने कहा कि जनता जनार्दन के आशीर्वाद से पूरे प्रदेश में विजय का शंखनाद प्रारंभ हो चुका है। यूपी में फिर से कमल खेलने को तैयार है। अपने 20 मिनट के संबोधन में उन्होंने भाजपा सरकार के 5 साल की उपलब्धियों गिनाईं।