वाराणसी में नगर निकाय चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों के लिए चुनौती बने बागियों के खिलाफ अब भाजपा ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। पार्टी ने बगावत के करने वाले बाप-बेटे पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उनसे पद छीन लिए।
पार्टी ने गंगापुर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है। उन पर गंगापुर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे बेटे कुबेर गुप्ता की मदद का आरोप है। कुबेर भी भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी हैं।
पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी ज्ञानेश जोशी ने बताया कि पिता-पुत्र दोनों को पदमुक्त कर दिया गया है। टिकट बंटवारे के बाद उपजे असंतोष को दूर करने के लिए पार्टी ने पहले ही डैमेज कंट्रोल की योजना बना ली थी।
जिनके टिकट कटे या फिर जिन्हें टिकट नहीं मिल पाया, उन्हें मनाने-समझाने के लिए वार्डवार वरिष्ठ पदाधिकारियों को लगाया गया था। कई को मनाने में पदाधिकारी कामयाब भी हुए लेकिन गंगापुर के अलावा नगर निगम के आधा दर्जन वार्डों में पार्टी के प्रत्याशियों के लिए बागी उम्मीदवार चुनौती बने हुए हैं।
गंगापुर नगर पंचायत की चुनावी जंग में ताकत झोंक चुकी भाजपा ने वहां के मंडल अध्यक्ष को पद से हटा दिया गया है। मंडल अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता के पुत्र कुबेर गुप्ता ने वहां अध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवार हरेराम गुप्ता के खिलाफ निर्दल दावेदारी की है।
पिता-पुत्र को पदमुक्त करने के बाद अब उनके निष्कासन का फैसला प्रदेश कमेटी करेगी। उधर, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में गंगापुर में हुई पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में विधायक अवधेश सिंह और विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि भाजपा की जीत से यहां का विकास सुनिश्चित होगा। जो काम 70 साल में नहीं हुए, उन्हें भाजपा पांच साल में कर दिखाएगी।