भाजपा ने रविवार को चार उम्मीदवारों की घोषणा और कर दी है। इसमें एक स्थान पर पहले से घोषित उम्मीदवार का टिकट बदलकर नया प्रत्याशी घोषित किया गया है। पूर्वांचल में वाराणसी की पिंडरा सीट से डा. अवधेश सिंह, सोनभद्र की ओबरा से संजय गोड़ और बलिया की सिकंदरपुर विधानसभा सीट से संजय यादव को प्रत्याशी बनाया है।
आजमगढ़ की सगड़ी सीट से गोपाल निषाद की जगह देवेंद्र सिंह को टिकट दिया है। भाजपा ने अब तक 383 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। अपना दल के लिए 12 सीटें और भारतीय समाज पार्टी के लिए आठ सीटें छोड़ी गई हैं।
पिंडरा सीट के प्रत्याशी को लेकर अपना दल (स) के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। कई पदाधिकारियों ने इस्तीफा देकर सोमवार को कृष्णा गुट में शामिल होने का निर्णय लिया है। उधर, सगड़ी सीट से गोपाल निषाद का टिकट कटने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंक कर विरोध जताया।
भाजपा ने जिन उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें एक ठाकुर, एक यादव, एक भूमिहार व एक अनुसूचित जनजाति का है।
इस प्रकार भाजपा ने अब तक घोषित 383 उम्मीदवारों में 65 ब्राह्मण, 65 ठाकुर, 25 वैश्य, 6-6 टिकट सिख व कायस्थों, 15 टिकट जाट और 103 टिकट अति पिछड़ों को दिए गए हैं। महिलाओं के हिस्से में 46 टिकट आए हैं।